निजता · मसौदा

ज्योतारा पर निजता: आपका जन्म विवरण आपका ही रहता है।

मसौदा · क़ानूनी समीक्षा बाकी

यह इस बात का सरल भाषा में सार है कि हम आपका डेटा कैसे संभालने की योजना बना रहे हैं। किसी वकील ने अभी इसकी समीक्षा नहीं की है, और यह हमारी अंतिम निजता नीति नहीं है। ऐप जारी होने से पहले पूरी नीति इस पेज की जगह लेगी।

आपके जन्म की तारीख़, समय और जगह निजी डेटा है। हम इनका इस्तेमाल आपकी कुंडली बनाने के लिए करते हैं, और किसी काम के लिए नहीं। आपकी कुंडली कभी सार्वजनिक नहीं दिखाई जाती, कुछ बेचा नहीं जाता, और आप हमसे उसे मिटाने को कह सकते हैं।

हम क्या लेते हैं, और क्यों

इस वेबसाइट पर, बिना खाते के: पंचांग के लिए आपकी चुनी जगह, और कोई भी जन्म विवरण या नक्षत्र जो आप किसी मुफ़्त साधन में लिखते हैं। इनका इस्तेमाल उस जवाब को निकालने में होता है जो आपने माँगा। वेबसाइट आपकी चुनी राशि आपके अपने डिवाइस पर याद रखती है ताकि आपको उसे फिर से न चुनना पड़े; वह आपके ब्राउज़र में ही रहती है।

वेटलिस्ट पर: आपका ईमेल पता, देश, भाषा और फ़ोन का प्रकार। हम इनका इस्तेमाल ऐप के आपके देश में आने पर आपको एक ईमेल भेजने के लिए करते हैं।

ऐप में: आपके खाते का विवरण, और आपकी सहेजी हर कुंडली के लिए नाम, जन्म की तारीख़, समय और जगह। हम इन्हें इसलिए रखते हैं ताकि ऐप खोलने पर आपकी कुंडलियाँ वहाँ हों, नए फ़ोन पर भी। हम यह भी दर्ज रखते हैं कि आपने क्या ख़रीदा है, ताकि आपकी ख़रीदारी वापस पाई जा सके।

हम आपके संपर्क, फ़ोटो या जगह का सटीक इतिहास नहीं माँगते। अगर आप ऐप को अपनी जगह इस्तेमाल करने देते हैं, तो उसका इस्तेमाल पंचांग के लिए आपका शहर तय करने में होता है। आप इसके बजाय शहर लिख भी सकते हैं।

हम क्या कभी नहीं करते

  • किसी की कुंडली सार्वजनिक दिखाना, या सर्च इंजन को उसे इंडेक्स करने देना।
  • आपका डेटा बेचना, या उसे विज्ञापन देने वालों से साझा करना।
  • आपके जन्म विवरण का इस्तेमाल आपकी अपनी कुंडलियों और फलादेश के अलावा किसी और काम में करना।
  • आपको ऐसे संदेश भेजना जो आपकी कुंडली को लेकर आपको चिंता में डालने के लिए बनाए गए हों।

अपना डेटा मिटाना

आप ऐप में सहेजी कुंडली कभी भी मिटा सकते हैं। आप हमसे अपना खाता और उससे जुड़ा सब कुछ मिटाने को भी कह सकते हैं, और हम मिटा देंगे। कुछ रिकॉर्ड, जैसे किसी ख़रीदारी का सबूत, क़ानून के तय समय तक रखने पड़ सकते हैं; अंतिम नीति बताएगी कि कौन से और कितने समय तक।

अनुरोध करने के लिए [email protected] पर लिखें।

कुकी और यह वेबसाइट क्या रखती है

यहाँ सिर्फ़ एक चीज़ के लिए आपकी हाँ चाहिए: गूगल एनालिटिक्स। इसकी कुकी गिनती हैं कि कितने लोग आए और कौन-से पेज काम के हैं। जब तक आप नीचे की पट्टी पर "ठीक है" नहीं दबाते, यह बंद रहता है। अपना जवाब आप कभी भी हर पेज के नीचे "कुकी सेटिंग" से बदल सकते हैं। बाकी चीज़ें सिर्फ़ इसलिए रखी जाती हैं क्योंकि आपने चाही थीं:

  • भाषा: एक कुकी (jy_lang) जो याद रखती है कि आपने अंग्रेज़ी चुनी या हिंदी।
  • इस डिवाइस पर आपकी पसंद: आपके सेव किए लोग, राशि और कुकी का जवाब, आपके ब्राउज़र में ही रखे जाते हैं। ये आपके डिवाइस से बाहर नहीं जाते, और ब्राउज़र साफ़ करने पर मिट जाते हैं।
  • फ़ॉन्ट: हमारे फ़ॉन्ट हमारे अपने सर्वर से आते हैं, इसलिए पेज खुलने पर किसी और से कुछ नहीं माँगा जाता।

और कौन इसे देखता है

ख़रीदारी ऐपल ऐप स्टोर या गूगल प्ले से होती है, उनकी अपनी निजता शर्तों के तहत। हम आपके कार्ड का विवरण नहीं देखते। ऐप चलाने के लिए हम जो भी दूसरी सेवा इस्तेमाल करते हैं (जैसे होस्टिंग), उसका नाम अंतिम नीति में दिया जाएगा।

हम कौन सा क़ानून मानते हैं

हमें उम्मीद है कि भारत का डिजिटल व्यक्तिगत डेटा संरक्षण अधिनियम, 2023 इस नीति का मुख्य ढाँचा होगा, और जिन दूसरे देशों में ऐप उपलब्ध है (अमेरिका, ब्रिटेन, यूएई और कनाडा) उनके नियम वहाँ लागू होंगे जहाँ वे इससे आगे जाते हैं। यह पेज अंतिम होने से पहले एक वकील पक्का करेगा कि कौन से क़ानून लागू होते हैं और वे क्या माँगते हैं।

बदलाव

अगर हम आपके डेटा के इस्तेमाल का तरीका बदलते हैं, तो हम यह पेज अपडेट करेंगे और बताएँगे कि क्या बदला। जो बदलाव उस डेटा पर असर डालता है जो आप हमें पहले दे चुके हैं, उसके बारे में हम आपको पहले ऐप में बताएँगे।

ज्योतारा के बारे में · हम अपना काम कैसे जाँचते हैं · ऐप

ज्योतारा ऐप 12 दिसंबर को आ रहा है

आपकी पूरी कुंडली, आसान शब्दों में, आपकी तारीख़ों और उपायों के साथ। वेटलिस्ट में जुड़ें, हम उसी दिन एक बार बताएँगे।